Samachar Post रिपोर्टर, रांची : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान-इजराइल-अमेरिका संघर्ष का असर अब झारखंड के लोगों पर भी दिखने लगा है। रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों से दुबई गए करीब 96 पर्यटक और कामकाजी लोग वहां फंस गए हैं। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने से उनकी भारत वापसी फिलहाल टल गई है। परिवारों का कहना है कि आर्थिक व्यवस्था होने के बावजूद घर और अपनों से दूरी सबसे बड़ी चिंता बन गई है।
दीपक कुमार की आपबीती: आखिरी वक्त पर उड़ान रद्द
चान्हो के बीजूपाड़ा निवासी दीपक कुमार, जो सीमेंट और छड़ का कारोबार करते हैं, 28 फरवरी को अपने समूह के साथ भारत लौटने वाले थे। अंतिम समय में उनकी फ्लाइट रद्द हो गई। मजबूरन होटल में ठहरना पड़ा। टूर कंपनी ने वापसी तक का खर्च उठाने का भरोसा दिया है। स्थानीय प्रशासन ने भी रहने-खाने की व्यवस्था की है। दीपक के मुताबिक, “सुविधाएं हैं, लेकिन घर से दूर रहना सबसे मुश्किल है।” रांची में उनके परिजन लगातार फोन पर संपर्क बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें: रांची में मौसम का मिजाज फिर बदल गया: मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी
नाजिया फातमा की चिंता: ईद पर भी नहीं लौट पाएंगे पति
डोरंडा की नाजिया फातमा की आंखें अपने पति सैयद अब्दुल्लाह मुरादुल रहमान का जिक्र करते ही नम हो जाती हैं। सैयद अब्दुल्लाह दुबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पिछले तीन वर्षों से घर नहीं आ पाए। इस बार ईद पर लौटने की तैयारी थी, लेकिन उड़ान रद्द हो गई। नाजिया कहती हैं, “बच्चे रोज पूछते हैं – अब्बू कब आएंगे?” दुबई से फोन पर सैयद अब्दुल्लाह ने बताया कि वे सुरक्षित हैं, लेकिन हालात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
शादी की तैयारी में फंसा परिवार
कांटाटोली निवासी औरंगजेब खान के घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। उनके भाई अमानुल्लाह खान और भांजा रिजवी खान दुबई में कार्यरत हैं। रिजवी की शादी 25 मार्च को तय है। लगातार उड़ानें रद्द होने से घर वापसी अनिश्चित हो गई है। परिवार का कहना है कि अगर जल्द उड़ानें बहाल नहीं हुईं, तो शादी की तारीख आगे बढ़ानी पड़ सकती है।
बढ़ती चिंता, सुरक्षित वापसी की उम्मीद
दुबई में फंसे सभी लोग फिलहाल सुरक्षित बताए जा रहे हैं, लेकिन युद्ध जैसी स्थिति और उड़ानों की अनिश्चितता ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। रांची और झारखंड के कई घरों में फिलहाल एक ही दुआ है उड़ानें जल्द शुरू हों और अपने सुरक्षित घर लौट आएं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।