Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड हज समिति ने हज 2026 की तैयारियों को लेकर चयनित यात्रियों के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। समिति ने साफ कहा है कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन नहीं करने पर यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
पासपोर्ट और दस्तावेजों पर खास जोर
समिति के अनुसार, हर यात्री के पास अपना मूल पासपोर्ट होना अनिवार्य है। पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2026 तक होनी चाहिए और उसमें कम से कम दो खाली पेज होने जरूरी हैं। साथ ही पासपोर्ट में दर्ज नाम, फोटो और अन्य जानकारी हज आवेदन के अनुसार होनी चाहिए, नहीं तो यात्रा प्रभावित हो सकती है। यात्रियों को हज समिति के पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए अपनी उड़ान की पुष्टि करनी होगी। उड़ान पुष्टि के बाद मिलने वाली रसीद को संभालकर रखना अनिवार्य है, क्योंकि इसी के आधार पर हज किट दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर हाई अलर्ट, रांची-खूंटी में 22 डीएसपी तैनात
समय से पहुंचना अनिवार्य
समिति ने निर्देश दिया है कि प्रस्थान केंद्र पर कम से कम 24 घंटे पहले पहुंचें, सीधे एयरपोर्ट जाने वाले यात्री 6 घंटे पहले पहुंचें देर से पहुंचने पर जांच और अन्य प्रक्रियाओं में दिक्कत हो सकती है।
जरूरी दस्तावेजों की सूची
यात्रा से पहले इन दस्तावेजों की जांच जरूर करें..
- मूल पासपोर्ट
- स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
- चिकित्सकीय फिटनेस सर्टिफिकेट
- टीकाकरण प्रमाण पत्र
- भुगतान रसीद
- यात्रा पुष्टि रसीद
प्रस्थान केंद्र से मिलेगा हज किट
हज यात्रियों को जरूरी हज किट प्रस्थान केंद्र से दी जाएगी। इसमें पहचान पत्र, बैग, स्मार्ट घड़ी समेत अन्य जरूरी सामान शामिल होंगे। अगर कोई व्यक्ति खुद किट लेने नहीं आ सकता, तो अधिकृत प्रतिनिधि को आधार कार्ड और अनुमति पत्र के साथ आना होगा।
समिति की अपील
झारखंड हज समिति ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेजों की जांच पूरी कर लें और उड़ान की पुष्टि जल्द कर लें, ताकि हज यात्रा बिना किसी परेशानी के संपन्न हो सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।