Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पीयूष पांडेय ने देर रात आदेश जारी करते हुए जिले के 17 थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद कई महत्वपूर्ण थानों में नए प्रभारी तैनात किए गए हैं।
साकची और सीतारामडेरा थाने में बदलाव
जारी आदेश के मुताबिक साकची थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा को अब सीतारामडेरा थाना की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सीतारामडेरा के प्रभारी निरंजन कुमार को बर्मामाइंस थाना भेजा गया है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार को हटाकर जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जबकि टेल्को थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को साकची सीसीआर में पदस्थापित किया गया है।
कई सर्किल इंस्पेक्टरों की भी बदली
बर्मामाइंस थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को साकची थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। घाटशिला थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह को मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है, जबकि मुसाबनी के सर्किल इंस्पेक्टर उमेश कुमार ठाकुर को बागबेड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जादूगोड़ा के सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद को टेल्को थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं साकची सीसीआर में तैनात रहे फैज़ अहमद को सिदगोड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा जमशेदपुर कोर्ट के सुरक्षा प्रभारी राजेंद्र मुंडा को घाटशिला थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
कुछ अधिकारियों को किया गया लाइन हाजिर
अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार और जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं नीरज कुमार को बोड़ाम का नया थाना प्रभारी और ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। सभी नए थाना प्रभारियों को तत्काल कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।
Reporter | Samachar Post