Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
CCTV से मिला सुराग
मामला 14 मार्च का है, जब एबीएम कॉलेज के पास से एक बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने राजा सरदार उर्फ प्रकाश सरदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने सोनू नायक उर्फ कटारी और अतुल मुंडा को भी गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में 15 लाख के गहनों की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
5 चोरी की बाइक बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें चार हीरो स्प्लेंडर (बिना नंबर प्लेट) और एक लाल रंग की पल्सर 180 शामिल है।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी राजा सरदार पर पहले भी धोखाधड़ी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं सोनू नायक पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।