Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट इलाके में बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई टाटा स्टील और जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) की संयुक्त टीम ने जिला प्रशासन की मौजूदगी में की। अभियान के दौरान करीब 15 दुकानों को तोड़कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। बताया जा रहा है कि ये दुकानें करीब 50 साल पुरानी थीं।
न्यायालय के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, इन दुकानों को लेकर मामला लंबे समय से न्यायालय में लंबित था। हाल ही में न्यायालय ने इस मामले में फैसला टाटा स्टील के पक्ष में सुनाया। इसके बाद प्रशासन की ओर से संबंधित दुकानदारों को दुकान खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था। नोटिस के बावजूद दुकानों को खाली नहीं किया गया, जिसके बाद शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
दुकानदारों ने किया विरोध
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया। कई दुकानदार अधिकारियों से थोड़ी मोहलत देने की मांग करते नजर आए, लेकिन न्यायालय के आदेश के कारण प्रशासन और टाटा स्टील की टीम ने कार्रवाई जारी रखी और एक-एक कर सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया।
यह भी पढ़ें :गुमला सदर अस्पताल में सुधार की नई मिसाल: उपायुक्त के प्रयासों से 24 घंटे मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
भारी पुलिस बल की तैनाती
अभियान के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। बताया जा रहा है कि शहर के सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टाटा स्टील ने न्यायालय में आवेदन दिया था। अदालत के आदेश के बाद ही प्रशासन और कंपनी की संयुक्त टीम ने यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
Reporter | Samachar Post