- जामताड़ा सदर अस्पताल की इमारत पर उठे सवाल, 24 घंटे बाद भी मरम्मत नहीं शुरू
Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जामताड़ा सदर अस्पताल की इमारत हल्की बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात हुई हल्की बारिश के बाद अस्पताल भवन का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के परिजन पूरी रात डर के साये में रहे कि कहीं पूरी इमारत ही न गिर जाए। मरीजों के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद मंगलवार पूरा दिन बीत गया, लेकिन प्रशासन की ओर से मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में अस्पताल में भर्ती मरीजों को लगातार खतरे के बीच रहना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें :बोकारो : पुलिस टीम पर हमला, कार में लगी आग, युवक कुणाल सिंह लापता
निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
अस्पताल की मौजूदा स्थिति को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हल्की बारिश में ही भवन का हिस्सा क्षतिग्रस्त होना निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है। बताया जा रहा है कि अस्पताल की इमारत में काफी समय से पानी का रिसाव हो रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद इस समस्या को नजरअंदाज किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई
इस मामले में जामताड़ा सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद ने कहा कि बारिश की वजह से दीवार गिरी है, न कि मुख्य पिलर। उनके अनुसार इससे भवन की स्थिरता को कोई बड़ा खतरा नहीं है और जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह इलाका राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का विधानसभा क्षेत्र है और जामताड़ा विधानसभा अध्यक्ष का गृह जिला भी है। इसके बावजूद सदर अस्पताल की यह हालत सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच की दूरी को उजागर करती है।
Reporter | Samachar Post