Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : होली के दिन पलामू जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुआ, निराला टोला में शराब के नशे में धुत दो युवकों ने दुकानदार से सिगरेट नहीं मिलने पर उसकी दुकान में आग लगा दी। आग लगने से दुकान में रखा शादी का सामान समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
मामले को लेकर दुकानदार राजेश कुमार गुप्ता (22), पिता बिरेंद्र साव, निवासी ग्राम सुआ, निराला टोला ने 5 मार्च 2026 को सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 23/2026 दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2), 326(g), 109 और 3(5) के तहत दो नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: होली पर पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार, हथियार और जिंदा गोलियां बरामद
एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग निरुद्ध
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ओमप्रकाश कुमार सिंह (18) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं इस घटना में शामिल एक नाबालिग बालक को भी निरुद्ध किया गया है, जिसे आगे की प्रक्रिया के लिए बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
आग से दुकान में रखा सामान जलकर राख
आग लगने से दुकान में रखा शादी-ब्याह का सामान, कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकानदार को करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी और आग बुझाने में भी मदद की।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।