- बरही थाना क्षेत्र के जवाहर घाटी पुल पर हुआ हादसा, चालक ट्रक में फंसा होने की आशंका; खलासी घायल
Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जवाहर घाटी पुल पर मछली से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे डैम में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक के साथ चालक भी पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
डैम से ट्रक निकालने में आ रही मुश्किल
गुरुवार सुबह से ट्रक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए दो क्रेन की मदद ली जा रही है और स्थानीय तैराकों को भी बुलाया गया है। हालांकि डैम में पानी काफी गहरा होने के कारण अब तक ट्रक को बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया है। ट्रक पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है, जिससे उसकी सही स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ें :पलामू में शादी का भोज बना आफत, फूड प्वाइजनिंग से 100 से ज्यादा ग्रामीण बीमार
आंध्र प्रदेश से बिहार जा रहा था ट्रक
पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार हुआ ट्रक आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से मछली लोड कर मुजफ्फरपुर जा रहा था। रास्ते में जवाहर घाटी पुल पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए डैम में गिर गया। बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि चालक ट्रक के अंदर फंसा हो सकता है और उसे निकालने की कोशिश लगातार जारी है।हादसे में ट्रक का खलासी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वह पुल की रेलिंग में लगे एक पाइप के सहारे लटका हुआ मिला।राहगीरों की नजर पड़ते ही लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
चालक की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से चालक की तलाश जारी है। डैम में गहरा पानी और ट्रक के पूरी तरह डूब जाने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कत आ रही है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही ट्रक और चालक को बाहर निकाल लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post