Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घाटों मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने पहले सड़क पर चल रहे टेंपो को टक्कर मारी और इसके बाद हजारीबाग की ओर जा रही बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में एक फल विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कई वाहन और गुमटी क्षतिग्रस्त
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर ने टेंपो और बस के अलावा सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन को भी टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रेलर पास में लगी फल और पान की गुमटी पर चढ़ गया, जिससे वहां मौजूद फल विक्रेता ट्रेलर के नीचे दब गए। मृतक की पहचान उदय सिंह (27), पिता सूरज सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें :सिमडेगा में गैस आपूर्ति व्यवस्था पर DC की बैठक, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पांच लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कर रही जांच
दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया। वहीं बस में सवार यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य तक भेजा गया। चरही थाना प्रभारी कुंदन कांत विमल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post