Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : हजारीबाग जिले में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को धमकी देने का एक और मामला सामने आया है। इस बार अमन साहू गैंग से जुड़े कुख्यात राहुल दुबे के नाम पर ट्रांसपोर्टरों को फोन और मैसेज के जरिए डराने की कोशिश की गई है। घटना सामने आने के बाद इलाके में ट्रांसपोर्ट से जुड़े कारोबारियों के बीच भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि धमकी भरे मैसेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। वायरल संदेश के मुताबिक बड़कागांव से बानादाग और चट्टी बरियातू से बचरा साइडिंग तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाले कुछ ट्रांसपोर्टरों को धमकी दी गई है। संदेश भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताया है। हालांकि वायरल मैसेज की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
गैंग से संबंध बनाने की चेतावनी
धमकी भरे संदेश में ट्रांसपोर्टरों से कहा गया है कि वे गैंग से संपर्क बनाकर काम करें। मैसेज में लिखा गया है कि उनका ट्रांसपोर्टिंग का काम चलता रहे, यही गैंग भी चाहता है। लेकिन यदि गैंग से संबंध नहीं बनाए गए तो उन्हें “अच्छे से समझाना” भी आता है। संदेश में यह भी दावा किया गया है कि हजारीबाग और सिमरिया में ट्रांसपोर्टरों के घर और कामकाज की पूरी जानकारी उनके पास है।
यह भी पढ़ें: रामनवमी पर डीजे प्रतिबंध को लेकर हजारीबाग विधायक का धरना, सरकार पर लगाया भेदभाव का आरोप
कॉल नहीं उठाने पर घर पहुंचने की धमकी
एक अन्य मैसेज में छोटू सिंह नाम के व्यक्ति को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। संदेश में लिखा गया है कि फोन नहीं उठाकर वह क्या साबित करना चाहता है। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक कॉल नहीं उठाया गया तो सिमरिया स्थित उसके घर तक पहुंच जाएंगे। मैसेज में यह भी कहा गया है कि जिस पर वह भरोसा कर रहा है, उसे भी गोली का मतलब पता है। इसमें ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े मुन्ना सिंह और छोटू सिंह का भी जिक्र किया गया है।
ट्रांसपोर्टरों में बढ़ी चिंता
लगातार सामने आ रहे ऐसे धमकी भरे मैसेज के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से कामकाज प्रभावित होता है और सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बन जाता है। फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।