Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह में फीस और एडमिशन शुल्क को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। संत जोसेफ स्कूल के बाहर अभिभावकों का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।
स्कूल गेट पर सैकड़ों अभिभावक जुटे
शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल गेट पर इकट्ठा हुए और जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते करीब 400–500 अभिभावक धरने पर बैठ गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताने लगे।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में दाल-भात केंद्र में तीसरी बार चोरी, बर्तन समेत हजारों का सामान गायब
प्राचार्य से नहीं हो पा रही मुलाकात
अभिभावकों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से प्राचार्य से मिलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ती जा रही है।
पुलिस की मौजूदगी में हुई वार्ता
मामले को शांत कराने के लिए पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार की मौजूदगी में स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच बातचीत कराई गई। इस दौरान वार्ड पार्षद संजीव कुमार भी मौजूद रहे। हालांकि, चर्चा के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।
प्राचार्य के रवैये पर सवाल
अभिभावकों और कुछ शिक्षकों ने वर्तमान प्राचार्य के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले प्राचार्य सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। इसी वजह से प्राचार्य को हटाने की मांग भी तेज हो गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप हैक का आरोप
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल से जुड़े अभिभावकों का व्हाट्सएप ग्रुप हैक कर लिया गया है। इस घटना के लिए भी उन्होंने स्कूल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
स्कूल प्रबंधन ने दिया आश्वासन
स्कूल के सेक्रेटरी एस. टी. जोसेफ ने कहा कि अभिभावकों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और जल्द समाधान निकालने का प्रयास होगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।