Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :जिले में चोरों ने एक आंगनबाड़ी केंद्र को निशाना बनाते हुए बच्चों के उपयोग का सामान चोरी कर लिया। घटना पचंबा थाना क्षेत्र के लोहपिट्टी आंगनबाड़ी केंद्र की है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, चोर देर रात आंगनबाड़ी केंद्र का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वे सीधे रसोईघर पहुंचे, जहां बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जाता है।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में चोरी की वारदातों से हड़कंप: 90 लाख के गहने गायब, पुलिस के हाथ अब भी खाली
रसोई से गैस सिलेंडर और राशन चोरी
चोरों ने रसोईघर से गैस चूल्हा, दो गैस सिलेंडर और बच्चों के लिए रखा गया राशन चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई और चोर बिना किसी शोर-शराबे के फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब आंगनबाड़ी सेविका केंद्र पहुंचीं, तो दरवाजे का टूटा ताला देखकर हैरान रह गईं। अंदर जाकर देखा तो रसोई पूरी तरह खाली थी और जरूरी सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगा रही है कि इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं या नहीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने बच्चों के भोजन तक को नहीं छोड़ा, जो बेहद चिंताजनक है। आंगनबाड़ी केंद्र गरीब और जरूरतमंद बच्चों के पोषण का मुख्य साधन है, ऐसे में इस चोरी का सीधा असर बच्चों पर पड़ेगा।
प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और आंगनबाड़ी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कड़ी करने की भी अपील की गई है।
Reporter | Samachar Post