- मिडिल ईस्ट में युद्ध की खबरों के बीच बढ़ी लोगों की चिंता, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़; प्रशासन ने कहा- देश में आठ सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक
Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैली अफवाहों के कारण लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है। अफवाह फैलने के बाद जिले के कई पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि जैसे ही ईंधन की कमी की खबरें फैलीं, लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और गैस का भंडारण करने के लिए पंपों और एजेंसियों पर पहुंचने लगे।
प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने की छापेमारी
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रशासन की ओर से एसडीएम ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर हालात का जायजा लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पेट्रोल पंप संचालकों के बीच हड़कंप मच गया।
डीसी की अपील- अफवाहों पर न दें ध्यान
गढ़वा के उपायुक्त (डीसी) ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति जरूर बनी हुई है, लेकिन इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। डीसी ने बताया कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और करीब आठ सप्ताह का स्टॉक मौजूद है। ऐसे में लोगों को पैनिक होकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें :बिहार में बहू की हैवानियत: कमरे में बंद कर बेलन से पीटा, जख्मों पर मिर्च डाली, इलाज के दौरान सास की मौत
जमाखोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस का अवैध रूप से भंडारण करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा की स्थिति में अवसर तलाशने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Reporter | Samachar Post