Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अवैध बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान सोनपुरा गांव निवासी राजनाथ मेहता की पत्नी 40 वर्षीय कलिता देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने निर्माणाधीन मकान के पास खड़ी होकर कुछ काम कर रही थीं, तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें :एलपीजी किल्लत और बढ़ती तेल कीमतों के खिलाफ रांची में विरोध, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी शामिल
टक्कर इतनी तेज कि मौके पर बिगड़ी हालत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वाहन महिला के ऊपर से गुजार दिया, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें इलाज के लिए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से दर्जनों ट्रैक्टरों के जरिए दिन-रात अवैध बालू का उत्खनन और ढुलाई की जा रही है, जिसके कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल महिंद्रा ट्रैक्टर करमा गांव निवासी लल्लू सिंह का है। सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी असफाक आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध बालू ढुलाई के कारण इलाके में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों और मवेशियों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद यह धंधा लगातार जारी है।
Reporter | Samachar Post