- SDM जांच में बड़ा खुलासा, गर्भवती महिला की मौत के बाद सामने आया कमीशन रैकेट
Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा के सदर अस्पताल में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। SDM जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि अस्पताल के कर्मचारी ही मरीजों को निजी क्लिनिक भेजने के बदले 5 से 10 हजार रुपये तक का कमीशन ले रहे थे।
सरकारी अस्पताल से निजी क्लिनिक तक ‘दलाली नेटवर्क’
जांच के अनुसार, इस पूरे खेल में बाहरी बिचौलिये नहीं बल्कि अस्पताल के अंदर के कर्मचारी ही शामिल हैं। वे मरीजों और उनके परिजनों को डराकर निजी क्लिनिक में इलाज कराने के लिए मजबूर करते थे और बदले में मोटी रकम वसूलते थे।
यह भी पढ़ें :टाटा स्टील कर्मचारियों को बड़ी राहत: 20 लाख तक ग्रेच्युटी टैक्स फ्री, इससे ऊपर देना होगा टैक्स
गर्भवती महिला की मौत से खुला मामला
यह मामला तब उजागर हुआ जब खरौंधी थाना क्षेत्र के चौरिया गांव की रहने वाली गर्भवती महिला पुष्पा देवी को प्रसव के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर एक निजी क्लिनिक भेज दिया, जहां प्रसव के दौरान उनकी मौत हो गई।
SDM जांच में चौंकाने वाले खुलासे
घटना के बाद आक्रोश बढ़ने पर प्रशासन ने जांच के आदेश दिए। SDM की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि अस्पताल के कर्मी खुद मरीज को निजी क्लिनिक तक लेकर गए थे। इसके बदले ओटी सहायक को 5 हजार रुपये और एक सरकारी ANM को 5 हजार रुपये का कमीशन दिया गया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि भुगतान डिजिटल माध्यम (फोनपे) से किया गया था। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। आउटसोर्सिंग पर कार्यरत ओटी सहायक राम प्रवेश को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं ANM नैन कुमारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी चल रही है। SDM के अनुसार, दोनों आरोपियों ने जांच के दौरान कमीशन लेने की बात स्वीकार कर ली है। यह मामला अब स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार और मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Reporter | Samachar Post