Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डंडई थाना क्षेत्र के जरही गांव में हुई चाकूबाजी की घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के चिरौजिया गांव निवासी दीपक गुप्ता और उनकी पत्नी सुषमा गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दंपति पिछले तीन वर्षों से जरही गांव में घर बनाकर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दीपक गुप्ता पहले विदेश में रहते थे। पिछले कुछ महीनों से वे घर बेचकर चिरौजिया लौटना चाहते थे, जबकि इस बात को लेकर सुषमा सहमत नहीं थीं। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहा। मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी बैठ चुकी थी।
यह भी पढ़ें: चतरा में यात्री बस पलटी, कई घायल, चालक की लापरवाही की आशंका
घर में घुसकर चाकू से हमला, बीच-बचाव में पति भी घायल
रविवार को विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि दीपक गुप्ता घर में चाकू लेकर घुसे और पत्नी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस दौरान दीपक के साथ भी मारपीट हुई, जिससे वह भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।