Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले में बकरियों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बड़गढ़ थाना क्षेत्र की टेहरी पंचायत के हेसातु गांव स्थित दुबियाठी टोला में दो परिवारों के बीच हुई हिंसक मारपीट में 55 वर्षीय सूर्यदेव यादव की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बकरियों को जहर देने के आरोप से भड़का विवाद
परिजनों के अनुसार, सूर्यदेव यादव की तीन बकरियों को गांव के ही रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव और उनकी पत्नी कवलिया देवी ने कथित तौर पर जहर देकर मार दिया था। इसकी शिकायत करने और मृत बकरियों की तस्वीर लेने के लिए जैसे ही सूर्यदेव यादव ने मोबाइल निकाला, वहां मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि रामकिशुन यादव, राजू यादव, संतोष यादव, कवलिया देवी समेत कुल 11 लोगों ने टांगी और लाठी से हमला कर सूर्यदेव यादव की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र महेश यादव और गणेश यादव को भी बुरी तरह पीटा गया। घटना में घायल महेश यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
यह भी पढ़ें :सरायकेला में गैंगवार: कुख्यात कृष्णा गोप के शूटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक गंभीर घायल
11 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
सूचना मिलते ही बड़गढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र गणेश यादव के आवेदन पर पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
Reporter | Samachar Post