Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : कोयला घोटाले की जांच में जुटी ईडी ने धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह को एक बार फिर समन जारी किया है। ईडी ने उन्हें 9 मार्च को सुबह 11 बजे तक रांची स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। एजेंसी इस मामले में कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क और कथित सिंडिकेट की भूमिका की जांच कर रही है। ऐसे में एलबी सिंह से पूछताछ को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
पहले भी भेजा गया था समन
जानकारी के अनुसार इससे पहले भी ईडी ने एलबी सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा था। हालांकि उन्होंने बीमार होने का हवाला देते हुए तय तारीख पर पेश होने में असमर्थता जताई थी और एजेंसी से समय मांगा था। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए ईडी ने नई तारीख तय करते हुए उन्हें 9 मार्च को उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद रेलवे डिवीजन: रिश्वत लेते इंजीनियर पर CBI का छापा, 50 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार
झारखंड और बंगाल में हुई थी छापेमारी
हाल ही में ईडी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। कोलकाता स्थित ईडी की टीम ने कथित कोयला सिंडिकेट से जुड़े लोगों के ठिकानों पर कार्रवाई की थी। बताया जाता है कि यह सिंडिकेट अनूप माझी उर्फ लाला से जुड़ा हुआ है। वहीं झारखंड में भी धनबाद के कई कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई थी।
कोयला सिंडिकेट से कनेक्शन की जांच
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को शक है कि झारखंड के कुछ कोयला व्यापारी भी लाला के कथित कोयला सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं। इसी कड़ी में ईडी दस्तावेजों की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। अब एजेंसी एलबी सिंह से पूछताछ कर कोयला कारोबार, लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े संभावित संबंधों की जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।