Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया है। धनबाद जिला सिविल कोर्ट और रांची DC ऑफिस को धमकी मिलने के बाद दोनों जगहों पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। धनबाद सिविल कोर्ट को गुरुवार को धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत पूरे परिसर को घेर लिया। डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की मदद से हर कोने की सघन जांच की गई। कोर्ट परिसर में खड़े वाहनों की भी जांच की गई और हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी गई। एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। गौरतलब है कि 12 मार्च को भी धनबाद कोर्ट को इसी तरह की धमकी मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है।
यह भी पढ़ें :साहिबगंज कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर प्रशासन
रांची DC ऑफिस को धमकी भरा ईमेल
इधर, रांची DC के आधिकारिक ईमेल पर समाहरणालय भवन को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। पुलिस उस ईमेल आईडी की जांच कर रही है, जिससे धमकी भेजी गई है। साइबर टीम भी सक्रिय हो गई है और आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल दोनों जगह स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
Reporter | Samachar Post