Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : भगवान राम के जन्मोत्सव रामनवमी का पर्व धनबाद में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु भगवान राम और हनुमान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं। कई लोग व्रत रखकर पूजा-अर्चना के साथ रामचरितमानस का पाठ भी कर रहे हैं।
शाम को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
रामनवमी के अवसर पर शाम होते ही शहर के अलग-अलग अखाड़ों की ओर से भव्य जुलूस निकाला जाएगा। स्टेशन रोड मंदिर और हीरापुर क्षेत्र में विशेष आकर्षण रहेगा, जहां रामभक्त पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करेंगे। हर साल की तरह इस बार भी यह जुलूस लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगा। पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
यह भी पढ़ें:गढ़वा के रमकंडा में रामनवमी जुलूस पर पथराव, हालात बिगड़ने पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
10 टन लड्डुओं का चढ़ेगा भोग
इस बार रामनवमी पर शहर में करीब 10 टन लड्डुओं का भोग चढ़ाए जाने का अनुमान है। मिठाई दुकानों में गुरुवार से ही जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है।
- बूंदी लड्डू: ₹120–140 प्रति किलो
- मही दाना: ₹140–160 प्रति किलो
- घी के लड्डू: ₹300–500 प्रति किलो
सरायढेला, मनईटांड और हीरापुर के कारीगरों को बड़े पैमाने पर ऑर्डर मिले हैं, जिससे बाजार में रौनक बढ़ गई है। रामनवमी हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे भगवान राम के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि त्रेतायुग में चैत्र शुक्ल नवमी को अयोध्या में उनका जन्म हुआ था। यह पर्व धर्म, सत्य और मर्यादा का संदेश देता है।
शहर में गूंज रहे जय श्रीराम के जयकारे
पूरे धनबाद में गली-गली “जय श्रीराम” के जयकारे गूंज रहे हैं। लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पर्व को मना रहे हैं, जिससे शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।