Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घूसखोरी के आरोप में सरायकेला डीसी कार्यालय के भू-अर्जन विभाग में कार्यरत क्लर्क प्रीतम आचार्य और उसके कथित दलाल विनय तिवारी को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मुआवजा दिलाने के एवज में 40 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने विनय तिवारी को गम्हरिया ब्लॉक कार्यालय के पास एक वाहन में नकदी गिनते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से 5 लाख रुपये नकद और दो चेक भी बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें :पर्यटन निगम में 10.40 करोड़ का घोटाला, ईडी ने दर्ज किया 2026 का पहला केस
शिकायत के आधार पर बिछाया जाल
यह कार्रवाई चौका के मोनोबोरो गांव निवासी शिकायतकर्ता की शिकायत पर की गई। उन्होंने घूस मांगे जाने की शिकायत एसीबी के डीएसपी से की थी। प्रारंभिक जांच के बाद जैसे ही रिश्वत की पहली किस्त दी जा रही थी, टीम ने ट्रैप कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों को पहले सोनारी स्थित एसीबी कैंप लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ और कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
केस दर्ज, जांच जारी
इस मामले में एसीबी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान रांची से भी विशेष टीम को बुलाया गया था। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Reporter | Samachar Post