Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सीए परीक्षा के घोषित परिणाम में चान्हो प्रखंड के चोरया गांव की अंकिता रानी ने रांची जिला में तीसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही घर में जश्न मनाया गया। परिजनों ने केक काटकर खुशी मनाई और अंकिता को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। अंकिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में बकरियों के विवाद ने लिया खूनी रूप, 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, 11 पर केस
मेहनत और लगन का परिणाम
अंकिता के पिता बिरजू साहू उर्फ ब्रजदेव साहू चान्हो और मांडर के साप्ताहिक हाट में कपड़ों की दुकान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं दो बेटियां और एक बेटा। बड़ी बेटी ऋषिता रानी भी सीए परीक्षा में टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में टाटा स्टील में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना देखती थी, जिसे उसने कड़ी मेहनत और समर्पण से पूरा किया।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
अंकिता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मांडर स्थित ऑक्साब्रिज स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उसने डीएवी कपिलदेव, रांची से इंटरमीडिएट (प्लस टू) की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई और सीए की तैयारी उसने रांची में रहकर की। अंकिता की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्र के युवा भी प्रेरित हुए हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी सफलता हासिल कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।