Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा खुद बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। डीसी ने अस्पताल में भर्ती घायलों मिथिलेश ठाकुर, अनिल रविदास, गुलाब चंद्र दास, मदन कुमार नायक, शुभम कुमार दास और रूद्र दास से मुलाकात की। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। प्रशासन की तत्परता को लेकर घायलों ने संतोष भी जताया। उपायुक्त ने डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. ए. बी. प्रसाद को पूरे मामले की लगातार निगरानी करने का आदेश दिया, ताकि घायलों को बेहतर इलाज मिल सके।
यह भी पढ़ें :रामनवमी पर रांची में आस्था का सैलाब, पश्चिम मुखी हनुमान मंदिर में अखाड़ों का भव्य स्वागत
ग्रीन कॉरिडोर से बची बड़ी घटना
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया, जिससे घायलों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सका। पहले प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, समय पर कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
जांच के लिए टीम गठित
घटना की जांच के लिए प्रशासन ने एक विशेष टीम का गठन किया है। बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में यह टीम काम करेगी और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपेगी। डीसी ने घायलों से कहा कि स्वस्थ होने के बाद वे लोगों को ऐसे हादसों से बचने के लिए जागरूक करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। गौरतलब है कि जुलूस के दौरान करंट की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए थे।
Reporter | Samachar Post