Samachar Post रिपोर्टर, रांची : स्वर्णरेखा नदी तट पर एक बेहद शक्तिशाली बम मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा में मिले इस बम को “अमेरिकन मेड” बताया जा रहा है।
बम निष्क्रिय करने में स्थानीय टीम असमर्थ
झारखंड पुलिस की बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम ने इसे अत्यंत खतरनाक बताते हुए निष्क्रिय करने से इनकार कर दिया है। बम निरोधक दस्ते के प्रभारी नंदकिशोर सिंह के अनुसार, यह बम आकार में बड़ा और अत्यधिक संवेदनशील है, जिसे सामान्य तरीके से निष्क्रिय करना संभव नहीं है।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में बड़ा हादसा टला: यात्री बस से टकराकर टूटा बिजली का तार, इलाके में ब्लैकआउट
सेना की मदद के लिए भेजा गया पत्र
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झारखंड पुलिस ने भारतीय सेना को पत्र लिखकर मदद मांगी है। अब सेना की विशेषज्ञ टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जो इस बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करेगी।
“अमेरिकन मेड” बम की पहचान
बम पर अंकित कोड के अनुसार यह AN-M-64 500-LB मॉडल का है, जिसका वजन करीब 227 किलोग्राम (500 पाउंड) है। इस पर “Unexploded (UXO)” लिखा हुआ है, यानी यह एक जिंदा बम है जो पहले फट नहीं पाया था।
इलाके को किया गया सील
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।
पुराने हादसे से जुड़ा हो सकता है मामला
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह बम किसी पुराने विमान हादसे से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि महुलडांगरी के पास पहले एक लड़ाकू विमान क्रैश हुआ था। संभावना है कि यह बम उसी दौरान नदी में गिरकर मिट्टी में दब गया हो। पास में स्थित कलाईकुंडा एयरबेस को भी इसकी जानकारी दी गई है, ताकि तकनीकी जांच कर इसकी पुष्टि की जा सके।
पहले भी मिल चुका है ऐसा बम
करीब सात महीने पहले गोपीबल्लापुर के आशुई इलाके में भी इसी तरह का बम मिला था। उस समय एयरफोर्स की मदद से उसे सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया गया था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।