- भाटिया बस्ती में सुबह से मचा बवाल, तंत्र-मंत्र की आशंका पर चर्चा तेज, पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी सच्चाई
Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती में मंगलवार सुबह बच्चा चोरी की खबर से अचानक अफरा-तफरी मच गई। एक परिवार का बच्चा संदिग्ध हालात में लापता हो गया था, जिसे बाद में पड़ोसी के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और डर का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, आनंद विहार रोड नंबर-9 निवासी परिवार का बच्चा सुबह करीब 5 बजे से गायब था। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की और शक पड़ोसी रंजीत मंडल के घर पर गया। स्थानीय लोगों ने दबाव बनाकर घर का दरवाजा खुलवाया, जहां से बच्चा सुरक्षित मिल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित परिवार ने पहले बच्चे की तलाश का नाटक कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान उनके बयानों में विरोधाभास सामने आने से लोगों का शक और गहरा गया।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में गैस कालाबाजारी पर छापा: SDM जांच में 13 सिलेंडर बरामद
तंत्र-मंत्र की चर्चा से बढ़ा तनाव
बस्ती में यह भी चर्चा है कि बच्चे को कथित रूप से तंत्र-मंत्र या साधना के उद्देश्य से छिपाया गया था। घर के पूजा स्थल में दक्षिण दिशा की ओर स्थापित काली मां की मिट्टी की मूर्ति मिलने के बाद यह आशंका और तेज हो गई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित परिवार को 24 घंटे के भीतर बस्ती खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल, अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
Reporter | Samachar Post