Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट को लेकर रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों को व्यवस्थित करने के लिए करीब 350 से 400 छोटे-बड़े अवैध निर्माण, मकान और दुकानों पर बुलडोजर चलाने की योजना बनाई गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार होली के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान की रफ्तार और बढ़ाई जाएगी।
चार चरणों में चलेगा अभियान
पहले चरण में स्टेशन से कीताडीह और आसपास के कुछ हिस्सों में कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब शेष इलाकों में चार चरणों में अभियान चलाया जाएगा। खासमहल रोड सहित अन्य क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से खाली कराया जाएगा। रेलवे का लक्ष्य है कि रीडेवलपमेंट कार्य में किसी तरह की बाधा न आए और स्टेशन परिसर पूरी तरह व्यवस्थित हो सके।
यह भी पढ़ें :बोकारो में मतगणना के दिन बदलेगा ट्रैफिक रूट, सुबह 6 बजे से लागू रहेगी खास व्यवस्था
प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परिवारों और दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है, ताकि उन्हें कम से कम परेशानी हो। लोको क्रॉसिंग से सालगाझुड़ी केबिन तक मछुआ पाड़ा और हरिजन बस्ती समेत कई क्षेत्रों में पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जमीन खाली होते ही समतलीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
सोलर प्लांट से बढ़ेगा ऊर्जा उत्पादन
रीडेवलपमेंट योजना के तहत रेलवे सौर ऊर्जा उत्पादन पर भी विशेष फोकस कर रहा है। रेल लाइन के किनारे लगभग 550 मीटर जमीन पर सोलर प्लांट स्थापित करने की तैयारी है। चक्रधरपुर रेल मंडल में 339 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है। खाली रेलवे भूमि पर छोटे-छोटे सोलर प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। रीडेवलपमेंट के तहत नए यार्ड का निर्माण, आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्याकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। रेलवे का दावा है कि योजना पूरी होने के बाद टाटानगर स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
Reporter | Samachar Post