Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ नगर परिषद के सभी 21 वार्डों की मतगणना पूरी हो चुकी है। निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी सौंप दिए गए हैं। इस चुनाव में कुल 89 उम्मीदवार मैदान में थे।
वार्ड 19 से तनु दास की ऐतिहासिक जीत
वार्ड संख्या 19 से सबसे कम उम्र की प्रत्याशी तनु दास ने जीत दर्ज कर सबका ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने पहली बार वार्ड पार्षद का चुनाव लड़ा और सफलता हासिल की। तनु दास ने अपनी जीत का श्रेय वार्ड की जनता को देते हुए कहा कि क्षेत्र में जो लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने खास तौर पर पेयजल समस्या के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
यह भी पढ़ें : रांची में मेयर पद पर रोशनी खलखो 12 हजार वोटों से आगे
अध्यक्ष पद पर शबरी पाल की जीत
नगर परिषद अध्यक्ष पद पर शबरी पाल ने जीत हासिल की। अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे और यह सीट महिला के लिए आरक्षित थी। भाजपा की पूर्व जिला महिला अध्यक्ष रह चुकी शबरी पाल पार्टी से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरी थीं। उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ते हुए अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की। इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी शेख सेलिना सुलताना दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी संपा साहा तीसरे स्थान पर रहीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि उनका लक्ष्य पाकुड़ को एक विकसित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने नगर की सभी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही और जनता का आभार व्यक्त किया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।