- 447 करोड़ की पुनर्विकास परियोजना अंतिम चरण में, 17 लिफ्ट-19 एस्केलेटर और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्टेशन
Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी के प्रमुख रेलवे हब रांची रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्टेशन का साउथ गेट पूरी तरह तैयार होने में लगभग दो महीने और लगेंगे। फिलहाल प्लेटफार्म संख्या-6 पर ट्रेनों का ठहराव और पासिंग शुरू हो चुका है, लेकिन शेड और बुनियादी ढांचे के अधूरे कार्य के कारण इसे अभी यात्रियों के लिए नहीं खोला गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मई 2026 तक प्लेटफार्म-6 से नियमित यात्री सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर
साउथ गेट की ओर बन रहे नए भवन को जी प्लस टू संरचना में विकसित किया जा रहा है। प्लेटफार्म-6 पर टिकट काउंटर तैयार है, जबकि दूसरे तल पर फिनिशिंग का काम जारी है। स्टेशन परिसर में 17 लिफ्ट और 19 एस्केलेटर, दोनों ओर 100-100 कमरों वाले रिटायरिंग रूम, 2,500 यात्रियों की क्षमता वाला फूड प्लाजा, एक समय में 35,000 यात्रियों की आवाजाही की व्यवस्था, बाहर शेड, फर्श और पार्किंग क्षेत्र का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
यह भी पढ़ें :रामगढ़ में स्टोन क्रशर पर हमला: जेसीबी में लगाई आग, जेजेएमपी के नाम से फेंका पर्चा
447 करोड़ रुपये की परियोजना
स्टेशन पुनर्विकास पर कुल 447 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें लगभग 330 करोड़ रुपये स्टेशन भवन निर्माण पर और शेष राशि इंटीरियर, फर्नीचर व अन्य सुविधाओं पर व्यय की जा रही है। स्टेशन की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे करीब 30% ऊर्जा की जरूरत पूरी होगी। यात्रियों के लिए महिलाओं के लिए फीडिंग जोन, बच्चों के लिए प्ले एरिया, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, आधुनिक एंट्री कंट्रोल सिस्टम, बड़ा सर्कुलेटिंग एरिया और अलग-अलग लेन के साथ पार्किंग सुविधा, नॉर्थ गेट का काम भी जल्द, साउथ गेट के पूरा होने के बाद नॉर्थ गेट का पुनर्विकास शुरू होगा। फिलहाल सर्वे जारी है और दो-तीन महीनों में निर्माण शुरू होने की संभावना है। निर्माण के दौरान सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए स्टेडियम के पीछे अस्थायी भवन तैयार किया जा रहा है, जहां रेलवे क्लेम्स ट्रिब्यूनल, मजिस्ट्रेट कार्यालय, ट्रैक मशीन कार्यालय, रेलटेल और को-ऑपरेटिव बैंक को शिफ्ट किया जाएगा।
नया रोड ओवरब्रिज बदलेगा शहर की कनेक्टिविटी
पुनर्विकास परियोजना के तहत उत्तर और दक्षिण हिस्से को जोड़ने वाला नया रोड ओवरब्रिज (ROB) भी तेजी से बन रहा है। 25.5 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह 11.70 मीटर चौड़ा ओवरब्रिज दो लेन सड़क और दोनों ओर 1.5 मीटर चौड़े पैदल पथ से लैस होगा। 772 मीटर लंबे इस ओवरब्रिज का मुख्य स्पैन 60 मीटर का बो-स्ट्रिंग गर्डर होगा। इसे 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बन जाने से चुटिया से बिरसा चौक और एचईसी की ओर जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलेगी और शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
Reporter | Samachar Post