Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :चुनावी माहौल के बीच सरायकेला में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की मिसाल पेश कर दी। शादी और विदाई की रस्मों के बीच दुल्हन कुमकुम मुखी ने पहले मतदान को प्राथमिकता दी और फिर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की। वार्ड नंबर 5 के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, इन्द्रटांडी स्थित मतदान केंद्र पर जब कुमकुम मुखी दुल्हन के पारंपरिक लाल जोड़े में पहुंचीं तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। शादी की तैयारियों और घर की गहमागहमी के बावजूद उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें :बुंडू में मतदान शुरू, पहले घंटे से ही दिखा मतदाताओं का जोश
परिवार के साथ पहुंचीं मतदान केंद्र
इस खास मौके पर उनके पिता मदन मुखी और परिवार के अन्य सदस्य भी साथ थे। मतदान के बाद दुल्हन की स्याही लगी उंगली लोगों के लिए प्रेरणादायक संदेश बन गई। कुमकुम मुखी का यह कदम युवाओं और आम मतदाताओं के लिए एक मजबूत संदेश है कि जीवन के सबसे अहम अवसरों पर भी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी को नहीं भूलना चाहिए। उनका यह प्रयास बताता है कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य भी है। सरायकेला में दुल्हन की यह तस्वीर अब लोकतंत्र के उत्सव की एक खास पहचान बन गई है।
Reporter | Samachar Post