- GRSE द्वारा निर्मित एंटी-सबमरीन वारफेयर कार्वेट में 3,500 टन विशेष ग्रेड स्टील की आपूर्ति
Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :देश की महारत्न कंपनी Steel Authority of India Limited (SAIL) ने रक्षा क्षेत्र में एक और अहम योगदान दिया है। SAIL ने Garden Reach Shipbuilders & Engineers Limited (GRSE) द्वारा निर्मित युद्धपोत INS अंजदीप के लिए आवश्यक विशेष ग्रेड स्टील की पूरी आपूर्ति की है। INS अंजदीप भारतीय नौसेना में शामिल होने जा रहा तीसरा एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW-SWC) कार्वेट है। इससे पहले आईएनएस अरनाला और आईएनएस एंड्रोथ को नौसेना बेड़े में शामिल किया जा चुका है।
आठ कार्वेट के लिए 3,500 टन विशेष स्टील
इस रणनीतिक परियोजना के तहत SAIL ने GRSE द्वारा बनाए जा रहे आठ अत्याधुनिक कार्वेट के लिए लगभग 3,500 टन विशेष ग्रेड स्टील की आपूर्ति की है। ये नए युद्धपोत पुराने ‘अभय श्रेणी’ के जहाजों की जगह ले रहे हैं। खास बात यह है कि ये कार्वेट पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किए जा रहे हैं। ऐसे में घरेलू स्तर पर उत्पादित स्टील की आपूर्ति ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में ‘गोल्डन ऑवर’ में 1.5 लाख तक मुफ्त इलाज: पीएम रोड एक्सीडेंट राहत योजना लागू
बोकारो, भिलाई और राउरकेला का योगदान
विशेष ग्रेड स्टील SAIL के एकीकृत इस्पात संयंत्रों बोकारो, भिलाई और राउरकेला से उपलब्ध कराया गया है। कंपनी के अनुसार यह उच्च गुणवत्ता वाला स्टील समुद्री परिस्थितियों और संभावित हमलों को सहन करने में सक्षम है। रक्षा क्षेत्र में यह योगदान SAIL के लिए गर्व की उपलब्धि है।
आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा
रक्षा विनिर्माण में यह सफलता ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूती देती है। SAIL ने इससे पहले भी INS Vikrant, INS Udaygiri, INS Nilgiri और INS Surat जैसी प्रमुख नौसैनिक परियोजनाओं के लिए विशेष इस्पात की आपूर्ति की है। यह उपलब्धि भारतीय नौसेना की सामरिक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ देश की औद्योगिक ताकत को भी प्रदर्शित करती है।
Reporter | Samachar Post