Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के बुंडू थाना क्षेत्र स्थित डामारी मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बाइक-टेंपो की टक्कर के बाद हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक टेंपो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। वह संभल पाता, उससे पहले ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। ट्रेलर की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: रांची में डोरंडा थानेदार के समर्थन में उतरा पुलिस एसोसिएशन, तीन दिन काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेंगे जवान
ट्रेलर चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि टेंपो घटनास्थल पर ही खड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
डामारी मोड़ पर सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि डामारी मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में सख्त यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।