Samachar Post रिपोर्टर,रांची :क्रिकेट स्टार महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड आवास बोर्ड ने अंतिम नोटिस जारी किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह उनका आखिरी अवसर है अपना पक्ष रखने का। तय समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर वर्ष 2006 में आवंटित हरमू हाउसिंग कॉलोनी स्थित आवासीय भूखंड को रद्द करने की सिफारिश की जा सकती है। धोनी को वर्ष 2006 में अर्जुन मुंडा के कार्यकाल के दौरान हरमू हाउसिंग कॉलोनी में एक आवासीय प्लॉट आवंटित किया गया था। यह भूखंड उनके नाम पर दर्ज है और आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत किया गया था।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ वार्ड 19 से सबसे कम उम्र की पार्षद बनीं तनु दास
नियम उल्लंघन का आरोप
हाल ही में उसी परिसर में न्यूबर्ग सुप्राटेक नामक लैब के संचालन की बात सामने आई है। आवास बोर्ड का कहना है कि संबंधित भूखंड केवल आवासीय उपयोग के लिए आवंटित था, जबकि व्यावसायिक गतिविधि नियमों का उल्लंघन मानी जाएगी। आवास बोर्ड द्वारा भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आवंटन रद्द करने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल इस मामले ने रांची में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
Reporter | Samachar Post