- 6 फरवरी की धमकी के बाद फिर अलर्ट मोड में प्रशासन, कोर्ट परिसर को बनाया गया पुलिस छावनी
Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर धमकी भरा ईमेल मिला है। इस बार मेल में साफ तौर पर आरडीएक्स (RDX) से विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। इससे पहले 6 फरवरी को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसे देखते हुए इस बार सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं।
यह भी पढ़ें :सासाराम के बराढ़ी गांव में प्रेम प्रसंग में युवक की पीट-पीट कर हत्या, पति गिरफ्तार
पुलिस अलर्ट, साइबर टीम जांच में जुटी
धमकी मिलते ही रांची पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई। ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली जा रही है। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है।धमकी के बाद पूरे कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। समाहरणालय की ओर स्थित मुख्य प्रवेश द्वार को कुछ समय के लिए बंद रखा गया। फोर्टिज कोर्ट और रांची जिला बार भवन के प्रवेश व निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कोर्ट में आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर
पुलिस के साथ-साथ जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और मकसद का पता लगाने में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
Reporter | Samachar Post