Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ जिले के माण्डू (कुज्जू) थाना क्षेत्र में पिछले साल हुए चर्चित दानी यादव हत्याकांड और लूट मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक आरोपी को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान के रूप में हुई है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
क्या था मामला?
एसपी अजय कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 21 मई 2025 की रात भलुआना निवासी सुधीर यादव के पिता दानी यादव अपने चक्की मिल सह आवास में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी और घर में रखी नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। इस संबंध में माण्डू (कुज्जू) थाना कांड संख्या-128/2025 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
यह भी पढ़ें: पलामू सांसद बीडी राम की तबीयत जुलूस में बिगड़ी, इलाज के बाद घर लौटे
ऐसे खुली वारदात की परतें
मामले में अहम सुराग 6 जनवरी को मिला, जब पुलिस ने एक अन्य आपराधिक मामले में नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने दानी यादव हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या और लूट की घटना को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान को गिरफ्तार किया।
जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस का कहना है कि इस वारदात में और भी अपराधी शामिल हो सकते हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है, लेकिन पूरे गिरोह को पकड़ना अभी बाकी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।