Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :झारखंड का प्रमुख पर्यटन स्थल पतरातू आने वाले समय में और भव्य रूप में विकसित किया जाएगा। हाल ही में नव नियुक्त पर्यटन सचिव मुकेश कुमार ने क्षेत्र का दौरा कर बुनियादी ढांचे के विस्तार की योजनाओं की घोषणा की। राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाने की दिशा में काम कर रही है और इसी क्रम में पतरातू लेक रिजॉर्ट को राज्यस्तरीय पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
नए कमरे और वॉटर पार्क की योजना
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रिजॉर्ट में 100 से अधिक नए कमरे बनाने की योजना तैयार की गई है, जिससे ठहरने की उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इसके साथ ही रिजॉर्ट के सामने करीब 25 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक वॉटर पार्क विकसित करने की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। पर्यटन सचिव के अनुसार यह परियोजना पतरातू को केवल प्राकृतिक स्थल नहीं, बल्कि एक पूर्ण मनोरंजन पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।
यह भी पढ़ें :झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, ठंड की विदाई और गर्मी की दस्तक
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
परियोजना के पूरा होने से स्थानीय व्यापार, छोटे होटल, नाव संचालन, गाइड सेवाओं, परिवहन और हस्तशिल्प बाजार को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। योजना में रिजॉर्ट परिसर के पार्कों का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार भी शामिल है। अधिकारियों ने दौरे के दौरान डैम टापू का निरीक्षण कर विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
पर्यटन ब्रांड के रूप में उभरने की उम्मीद
यदि प्रस्तावित योजनाएं तय समय पर पूरी होती हैं, तो पतरातू न केवल रामगढ़ बल्कि पूरे झारखंड के प्रमुख पर्यटन ब्रांड के रूप में उभर सकता है। प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक सुविधाओं का यह मेल राज्य के पर्यटन क्षेत्र और अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकता है। इस अवसर पर प्रेम रंजन, राजीव कुमार सिंह समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और परियोजना की रूपरेखा पर चर्चा की।
Reporter | Samachar Post