Samachar Post रिपोर्टर, पटना : पटना यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के दौरान शनिवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पटना कॉलेज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रिंकल यादव को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद छात्रों ने जमकर हंगामा किया।
गिरफ्तारी के बाद थाने पर प्रदर्शन
रिंकल यादव की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही छात्र पीरबहोर थाना के बाहर जुट गए और नारेबाजी शुरू कर दी। “PU मुर्दाबाद” और “वाइस चांसलर मुर्दाबाद” के नारों से परिसर गूंज उठा। कुछ छात्र वीसी कार्यालय के गेट के सामने लेट गए, जबकि पुलिस रिंकल को गाड़ी में बैठाकर ले जा रही थी। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई, जिससे कैंपस में तनाव फैल गया। छात्रों का आरोप है कि नामांकन के समय प्रत्याशी का नाम सही दर्ज था, लेकिन बैलेट पेपर में रिंकल यादव की जगह “रिंकल कुमार” छाप दिया गया। उनका कहना है कि रिंकल पिछले पांच वर्षों से सक्रिय छात्र नेता हैं और उन्हें चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है।
यह भी पढ़ें : बिहार बोर्ड 12वीं आंसर-की जारी, रिजल्ट डेट को लेकर बढ़ी चर्चा
बीएन कॉलेज में ID कार्ड को लेकर विवाद
बीएन कॉलेज में जिन छात्रों के पास यूनिवर्सिटी ID कार्ड नहीं था, उन्हें मतदान से रोका गया। इससे छात्रों में नाराजगी देखी गई। छात्रों का कहना है कि कई ने ID के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी तक कार्ड जारी नहीं हुआ। एडमिशन स्लिप होने के बावजूद वोट देने से रोके जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई।
कितने उम्मीदवार मैदान में?
छात्रसंघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के पांच पदों के लिए 41 उम्मीदवार और काउंसलर पद के लिए 45 प्रत्याशी मैदान में हैं।
- अध्यक्ष पद: 11 उम्मीदवार
- महासचिव: 9
- उपाध्यक्ष: 8
- संयुक्त सचिव: 6
- कोषाध्यक्ष: 7
कुल 19,973 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 7,963 छात्राएं शामिल हैं। सबसे अधिक 4,657 मतदाता पटना वीमेंस कॉलेज में हैं। मतदान दोपहर 2:30 बजे तक हुआ।
मतगणना और सुरक्षा
मतदान के बाद बैलेट बॉक्स को सील कर दिया गया। वोटों की गिनती छह राउंड में होगी और शाम 4:10 बजे पटना आर्ट्स कॉलेज में शुरू होगी। देर रात तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि कैंपस में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस बल और यूनिवर्सिटी स्टाफ की तैनाती कर दी गई है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।