Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :होली से पहले अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। झारखंड के पलामू जिले में छापेमारी कर टीम ने 4233.36 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई पलामू जिला उत्पाद विभाग की टीम ने पाटन थाना क्षेत्र के बसदह गांव स्थित एक पक्के मकान में की। मामले में संतन भुइंया को गिरफ्तार किया गया है। वहीं रामाशीष भुइंया, पंडुल सिंह, दादा सिंह और उमा सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। सूचना थी कि बसदह स्थित एक मकान में विभिन्न ब्रांड की अवैध विदेशी शराब का भंडारण किया गया है।
यह भी पढ़ें :कोडरमा में बैलेट पेपर बना परेशानी की वजह, अंगूठे के निशान से हजारों वोट रद्द
किन-किन ब्रांड की शराब बरामद?
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई, जिनमें शामिल हैं:
रॉयल मेनशन गोल्ड 750 एमएल – 150 पेटी (1350 लीटर)
रॉयल मेनशन गोल्ड 375 एमएल – 252 पेटी (2268 लीटर)
रॉयल मेनशन गोल्ड 180 एमएल – 65 पेटी (561.6 लीटर)
इंपीरियल ब्लू व्हिस्की 180 एमएल – 220 बोतल (39.6 लीटर)
ब्लैक डॉग व्हिस्की 750 एमएल – 16 बोतल (12 लीटर)
मैकडॉवेल नंबर वन 180 एमएल – 12 बोतल (2.16 लीटर)
कुल मिलाकर 4233.36 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।
अभियान रहेगा जारी
छापेमारी में उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार, अवर निरीक्षक अनुप प्रकाश, अमित कुमार सिंह, पाटन थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post