Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता को मिल रहे समर्थन के बीच भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने भी उन्हें आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी ने जनवादी मांग पत्र के आधार पर यह फैसला लिया है।
जनवादी मांगों के आधार पर मिला समर्थन
जिला सचिव केपी सिंह की ओर से जारी समर्थन पत्र में कहा गया कि बिना अतिरिक्त कर का बोझ बढ़ाए बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की शर्त पर समर्थन दिया गया है। माकपा की प्रमुख मांगों में पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल आपूर्ति, मजबूत ड्रेनेज व सीवेज सिस्टम, शत-प्रतिशत कचरा प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, बेहतर ट्रैफिक प्लान, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव और आवारा पशुओं के प्रबंधन को शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें :सिमडेगा के शांति भवन मेडिकल सेंटर पर गंभीर अनियमितताओं का आरोप, कांग्रेस नेता ने जांच की मांग की
स्वास्थ्य, शिक्षा और कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर
पार्टी ने सामुदायिक स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को मजबूत करने, प्रशासन में पारदर्शिता लाने, ठेका व आउटसोर्स कर्मचारियों की कानूनी व सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, समय पर वेतन भुगतान और नियमितीकरण जैसे मुद्दों को भी चुनावी एजेंडा का हिस्सा बनाने पर जोर दिया है। इसके साथ ही माकपा ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सुधा गुप्ता के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।
प्रचार अभियान में तेजी
उधर, सुधा गुप्ता ने अपना चुनाव प्रचार तेज करते हुए खड़िया बस्ती, जवाहर नगर रोड नंबर 14, जनता पथ, गुडुरुबासा, कटकटडुंगरी, गजहडीह, बालीगुमा, मून सिटी बस्ती, राजीव पथ, उन्मत नगर, सर्वोदय पथ, चाणक्यपुरी, देवकुंज डिमना रोड और चंद्रावती नगर में पदयात्रा कर लोगों से संवाद किया।
जनता के सहयोग से होगा मानगो का विकास
सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो का विकास उनके लिए सिर्फ वादा नहीं बल्कि संकल्प है। उन्होंने कहा, डेवलपमेंट ही मेरा सिंगल एजेंडा है और जनता के सहयोग से ही इसे साकार किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को कार्पेट चुनाव चिन्ह (क्रम संख्या 11) पर मतदान कर समर्थन देने की अपील की और सर्वांगीण विकास के लिए साथ देने का आग्रह किया।
Reporter | Samachar Post