Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : कोडरमा जिले में नगर निकाय चुनाव इस बार बैलेट पेपर से कराए गए, जिसका असर अब मतगणना के दौरान साफ दिखाई दे रहा है। बड़ी संख्या में मतपत्र रद्द होने से कई वार्डों में परिणाम का गणित बदलता नजर आ रहा है।
झुमरी तिलैया, कोडरमा और डोमचांच में बढ़े रद्द मत
झुमरी तिलैया, कोडरमा और डोमचांच निकाय क्षेत्रों में मतगणना के दौरान सामने आया कि कई जगह प्रत्याशियों को मिले वैध मतों से अधिक संख्या में मत रद्द हो गए। अध्यक्ष पद की गिनती में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है।
यह भी पढ़ें : पाकुड़ नगर अध्यक्ष चुनाव : शबरी पाल ने 2353 मतों से दर्ज की जीत
क्यों रद्द हो रहे हैं वोट?
मतों के निरस्तीकरण के पीछे प्रमुख कारण मतदान प्रक्रिया को लेकर जागरूकता की कमी बताई जा रही है। कई मतदाताओं ने निर्धारित स्थान पर मुहर लगाने के बजाय अंगूठे का निशान लगा दिया। कुछ मतपत्रों पर एक से अधिक स्थानों पर मुहर या अंगूठा अंकित पाया गया। कई मतपत्रों पर अस्पष्ट निशान होने के कारण उन्हें नियमों के तहत अमान्य घोषित करना पड़ा।
ईवीएम की आदत, बैलेट में उलझन
पिछले कई वर्षों से मतदाता ईवीएम के जरिए मतदान करने के आदी हो चुके थे। लंबे समय बाद बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने के कारण मतदाताओं में पर्याप्त प्रशिक्षण और जागरूकता का अभाव नजर आया। विशेषज्ञों का मानना है कि रद्द मतों की अधिक संख्या चुनावी समीकरण को प्रभावित कर सकती है और इससे वास्तविक जनादेश पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल, सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।