Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल सेवा संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की प्रारंभिक परीक्षा (PT) की तारीख एक बार फिर बदल दी है। पहले यह परीक्षा 8 मार्च 2026 को निर्धारित थी, जिसे बाद में 15 मार्च 2026 किया गया था। अब आयोग ने नई तारीख 12 अप्रैल 2026 तय की है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
प्रशासनिक कारणों से बदला शेड्यूल
आयोग के अनुसार प्रशासनिक कारणों से परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। परीक्षा राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें। इस संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 पदों पर बहाली की जाएगी। इनमें शामिल प्रमुख पद हैं उपसमाहर्ता, डीएसपी, जिला समादेष्टा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), सहायक नगर आयुक्त, सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी यह परीक्षा झारखंड की सबसे प्रतिष्ठित भर्तियों में से एक मानी जाती है।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग वार्ड 14 रिजल्ट: प्रभा गुप्ता ने दर्ज की शानदार जीत
आयु सीमा में महत्वपूर्ण बदलाव
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के संकल्प के अनुसार आयु सीमा की गणना तिथि में संशोधन किया गया है अधिकतम आयु सीमा की गणना तिथि 01 अगस्त 2022 और न्यूनतम आयु सीमा की गणना तिथि 01 अगस्त 2026 होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रावधान केवल झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2025 पर ही लागू होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। अभ्यर्थी 26 फरवरी 2026 से 9 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक One Time Registration के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने का लिंक 10 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद राहत, दो पालियों में होगी परीक्षा
झारखंड उच्च न्यायालय ने 20 फरवरी 2026 को कुछ याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए संबंधित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा के लिए आवेदन करने की अनुमति दी है। प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र वस्तुनिष्ठ होंगे। पीटी में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
Reporter | Samachar Post