- दुर्घटना के एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचने पर मिलेगा लाभ, TMS 2.0 पोर्टल पर होगी प्रक्रिया
Samachar Post रिपोर्टर,रांची :सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की PM-ROAD Accident Victims Hospitalization & Assured Treatment (PM-ROAD) योजना अब झारखंड में लागू हो गई है। योजना के तहत दुर्घटना के ‘गोल्डन ऑवर’ यानी पहले एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। इस योजना को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के साथ साझा किया गया। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने योजना का स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए अहम कदम बताया।
कैसे मिलेगा योजना का लाभ?
- दुर्घटना के एक घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती जरूरी
- अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज
- आयुष्मान भारत के TMS 2.0 पोर्टल के माध्यम से संचालन
- संबंधित थाने द्वारा दुर्घटना की पुष्टि अनिवार्य
- 24 घंटे से अधिक देरी से भर्ती होने पर योजना लागू नहीं होगी
सरकार के अनुसार, पात्र मामलों में इस योजना को अन्य स्वास्थ्य योजनाओं पर प्राथमिकता दी जाएगी। PM-ROAD योजना को 4 मई 2025 को अधिसूचित किया गया था और 13 फरवरी 2026 को औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। इसका उद्देश्य सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल लोगों को शुरुआती और जीवनरक्षक इलाज उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें :रांची रेलवे स्टेशन का साउथ गेट जल्द खुलेगा, मई से प्लेटफार्म-6 पर शुरू होंगी यात्री सेवाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने की सराहना
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इस पहल से झारखंड के लाखों परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि इस विषय पर सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों की दिल्ली में एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
सड़क परियोजनाओं का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान जामताड़ा जिले की लंबित सड़क परियोजना का मुद्दा भी उठाया गया। राज्य सरकार का कहना है कि सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दोनों स्तरों पर काम किया जा रहा है।
क्यों है ‘गोल्डन ऑवर’ अहम?
दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा ‘गोल्डन ऑवर’ माना जाता है। इस दौरान सही इलाज मिलने से जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। यह योजना न केवल समय पर इलाज सुनिश्चित करेगी, बल्कि पीड़ित परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम करेगी।
Reporter | Samachar Post