Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़: जिले में बालू माफियाओं का हौसला मंगलवार को खुलकर सामने आया, जब जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) मिथिलेश कुमार चौधरी की टीम पर हमला हुआ। घटना मालीपाड़ा मोड़ के पास पाकुड़-बड़हरवा रोड की है, जहां दो ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर पकड़े जा रहे थे।
ट्रैक्टर छोड़ भागे चालक
डीटीओ की टीम जैसे ही ट्रैक्टरों के पास पहुंची, चालकों ने सरकारी वाहन देख कर ट्रैक्टर सड़क पर छोड़कर भाग गए। तभी 10-12 असामाजिक तत्व लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और एक ट्रैक्टर जबरन छीनकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन को अंतिम विदाई, सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
बॉडीगार्ड और चालक पर हमला
डीटीओ के पर्सनल बॉडीगार्ड लालू प्रसाद सिंह और सरकारी चालक घोलटन रजक दूसरे ट्रैक्टर को पुलिस लाइन की ओर ले जा रहे थे। पुलिस मुख्य द्वार पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक ट्रैक्टर के सामने खड़े होकर मारपीट करने लगे।
सुरक्षाकर्मियों की तत्परता
मुख्य द्वार पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर निवासी दिलवर हुसैन और अब्दुल आहद के रूप में हुई।
केस दर्ज और आरोपी जेल भेजे गए
डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी ने नगर थाना में कांड संख्या 29/26 दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना से स्पष्ट है कि बालू माफियाओं का हौसला बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन और डीटीओ की सतर्कता ने बड़ी घटना को टालने में सफलता पाई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।