Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में अफवाह के चलते एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो स्थित चिरैयाटांड गांव में बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलाज के लिए आए थे, भटकते हुए पहुंचे गांव
मृतक की पहचान 40 वर्षीय रामबली रजवार के रूप में हुई है, जो रामगढ़ जिले के बरवाटोली के निवासी थे। परिजनों के अनुसार रामबली मिर्गी के मरीज थे और इलाज के सिलसिले में मैक्लुस्कीगंज आए थे। बीते कुछ दिनों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसी दौरान वे भटकते हुए चिरैयाटांड गांव पहुंच गए। ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझ लिया और हमला कर दिया।
अस्पताल ले जाने के बाद बिगड़ी हालत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रामबली को भीड़ से बचाकर बचरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। रिम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और छाती पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: टेंपो पलटने से पति की मौत, पत्नी गंभीर
वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार और पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि पुलिस ने समय रहते पेट्रोलिंग टीम भेजकर युवक को भीड़ से छुड़ाया था। घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है और पिटाई में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड
परिजन पिछले दो दिनों से रामबली की तलाश कर रहे थे। सोशल मीडिया के जरिए उन्हें घटना की जानकारी मिली। पिपरवार थाना पहुंचने पर उन्हें रामबली की मौत की सूचना दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।