Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन राज्य में बढ़ते हाथी हमलों का मुद्दा जोर-शोर से उठा। विधायक रामेश्वर उरांव और निर्मल महतो ने सदन में कहा कि हाथियों के हमलों से ग्रामीणों और मवेशियों को भारी नुकसान हो रहा है, जिससे गांवों में भय का माहौल है।
CM हेमंत सोरेन ने माना गंभीर चुनौती
इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हाथियों के हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने बताया कि पर्यावरण में बदलाव और वन्य जीवों के व्यवहार में परिवर्तन भी इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आक्रामक जंगली जानवरों से निपटने के लिए एक मजबूत एसओपी (Standard Operating Procedure) तैयार कर रही है, ताकि घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा में गरमाया बजट सत्र, जेल सुरक्षा से JPSC-JSSC तक सरकार से तीखे सवाल
त्वरित कार्रवाई और मुआवजे का भरोसा
सीएम ने आश्वासन दिया कि जहां भी हाथी हमले की सूचना मिलेगी, वहां कम से कम समय में अधिकारियों की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। वन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पिछले पांच वर्षों की घटनाओं का विश्लेषण कर रुझानों के आधार पर रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने में सरकार कोई कोताही नहीं बरतेगी।
अवैध गतिविधियों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने अवैध खनन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उनका कहना था कि जंगलों में अवैध हस्तक्षेप और पर्यावरणीय असंतुलन को रोके बिना जंगली जानवरों के हमलों पर नियंत्रण पाना कठिन होगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।