Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा निकाय चुनाव की जीत का जश्न खत्म भी नहीं हुआ था कि मिहिजाम इलाके में एक धार्मिक स्थल पर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। कानगोई रेलवे फाटक के पास, वार्ड नंबर 19 स्थित शिव मंदिर के बगल में बनी यज्ञशाला में देर रात अचानक आग लग गई।
यह भी पढ़ें :झारखंड पुलिस परिवार में आक्रोश, मीडिया से समर्थन की अपील
रात में फैली आग, स्थानीय लोगों ने पाया काबू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात यज्ञशाला के ऊपरी हिस्से से धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने बांस और बिचाली से बने ढांचे को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस दौरान यज्ञशाला का ऊपरी गुंबदनुमा हिस्सा पूरी तरह जल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले ही शिव मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। पूजा-पाठ और यज्ञ आयोजन के लिए अस्थायी यज्ञशाला का निर्माण किया गया था, जो बांस और बिचाली से तैयार की गई थी। यही सामग्री आग लगने के बाद तेजी से जल गई।
आतिशबाजी से लगी आग की आशंका
घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का अनुमान है कि निकाय चुनाव में जीत के बाद निकाले गए विजय जुलूस के दौरान हुई आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगी हो सकती है। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ पाएगी।
Reporter | Samachar Post