Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा में टोटो चालक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुधीर कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
बाजार क्षेत्र की घटना, वीडियो से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह जामताड़ा बाजार क्षेत्र में एएसआई पर एक टोटो चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा। 24 फरवरी को सामने आए वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि बिना किसी ठोस कारण के उन्होंने वर्दी का दुरुपयोग करते हुए चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया। वीडियो में एएसआई को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते हुए भी देखा गया, जिससे मामला और चर्चा में आ गया। किसी राहगीर द्वारा रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे ने मामले को गंभीरता से लिया।
यह भी पढ़ें: गोड्डा में दो बसों की आमने-सामने टक्कर, कई यात्री घायल
प्रेस विज्ञप्ति जारी, मुख्यालय किया गया निर्धारित
जामताड़ा पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी का आचरण घोर अनुशासनहीनता, उदंडता और मनमानेपन को दर्शाता है, जिससे आम जनता के बीच पुलिस की छवि प्रभावित हुई है। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एएसआई सुधीर कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, जामताड़ा निर्धारित किया गया है।
विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में विभागीय जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।