Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में रोड टैक्स बकाया रखने वाले वाहन मालिकों पर परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। समय पर टैक्स जमा नहीं करने वाले 48,379 वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, इन पर कुल मिलाकर लगभग एक अरब रुपये से अधिक की राशि बकाया है।
एक सप्ताह का अल्टीमेटम
जिला परिवहन विभाग ने डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर सभी को एक सप्ताह के भीतर टैक्स जमा करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जाएगा। इसके तहत पहले वारंट और फिर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में टोटो चालक से मारपीट के आरोप में ASI निलंबित, वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई
किस श्रेणी पर कितना बकाया?
ट्रक मालिकों पर करीब 80 करोड़ रुपये बकाया, बस मालिकों पर लगभग 4 करोड़ रुपये ट्रेलर संचालकों पर करीब 3 करोड़ रुपये तीन पहिया ऑटो व टोटो चालकों पर लगभग 30 लाख रुपये थ्री व्हीलर (गुड्स कैरियर) व पैसेंजर वाहन संचालकों पर करीब 39 लाख रुपये टैक्स बकाया है।
DTO का बयान
जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने टैक्स जमा नहीं किया है। बकाया सूची में कॉमर्शियल के साथ-साथ प्राइवेट वाहन भी शामिल हैं।परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि समय पर टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है। अब सभी की नजर इस पर है कि कितने वाहन मालिक तय समय सीमा में बकाया राशि जमा करते हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।