Samachar Post रिपोर्टर, फतेहपुर जामताड़ा : गोविंदपुर–साहिबगंज मुख्य पथ पर गुरुवार को तेज रफ्तार एलपी ट्रक ने कहर बरपा दिया। सांगाजोरी के पास अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार मोहन प्रसाद साह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क को करीब साढ़े चार घंटे तक जाम रखा।
बिजली पोल से टकराया ट्रक, कई वाहन-दुकानें क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुमका की ओर से आ रहा एलपी ट्रक काफी तेज रफ्तार में था। सांगाजोरी पहुंचते ही ट्रक पहले बिजली पोल से टकराया, फिर सड़क किनारे खड़े दोपहिया–तिपहिया वाहनों को रौंदता चला गया। कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े मोहन प्रसाद साह बाइक समेत ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक उन्हें काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: 103 पदों वाली JPSC परीक्षा की तारीख बदली, जानिए नया शेड्यूल
समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची, अस्पताल में घोषित मृत
स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल सकी। बाद में फतेहपुर थाना के वाहन से उन्हें सीएचसी फतेहपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक फतेहपुर निवासी थे और पेशे से पेंटर का काम करते थे। उनका पैतृक घर देवघर जिले के पालोजोरी प्रखंड के ठेंगाडीह में है। परिवार में पत्नी और पांच छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक चालक की पिटाई, फिर पुलिस के हवाले
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। हादसे में अंगूठियां निवासी तपन पंडित की बाइक, सांगाजोरी के अजय मंडल की पोल्ट्री दुकान, एक टोटो वाहन समेत कई संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। कुछ टोटो चालकों ने कूदकर जान बचाई।
साढ़े चार घंटे हाईवे जाम
हादसे के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोविंदपुर–साहिबगंज मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर उचित मुआवजे की मांग की। सूचना पर एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय, बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास यादव और प्रभारी अंचल अधिकारी प्रेम कुमार मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।