Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा :गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना हनवारा–सुंदरचक मुख्य मार्ग पर खैराटीकर स्थित अलहीरा पब्लिक स्कूल के पास की है। मृतक की पहचान कुशमाहरा गांव निवासी मोहम्मद बसीरुद्दीन के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह उछलकर दूर जा गिरा। सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हनवारा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।
यह भी पढ़ें :बुंडू में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार हादसों का कारण बन रही है। सड़क किनारे फैली मिट्टी, बालू और ईंटों से वाहन असंतुलित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post