रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर बाइक सवार हमलावर ने पीछे से चलाई गोली, धनबाद रेफर
Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :झारखंड के गिरिडीह जिले में बुधवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। बिरनी-परसन ओपी सीमा के पास डबरी में रांची-दुमका मुख्य मार्ग के जंगल क्षेत्र में एक मजदूर पर अज्ञात अपराधी ने गोली चला दी। घटना करमाटांड़ और बरमसिया के बीच की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार नंदकिशोर राजधनवार कोडाडीह स्थित एक सीमेंट दुकान में मजदूरी करते हैं। रोज की तरह काम खत्म कर वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे बाइक समेत सड़क किनारे गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया।
घायल ने दिखाई हिम्मत, पत्नी को दी सूचना
गोली लगने के बावजूद नंदकिशोर ने साहस दिखाते हुए अपनी पत्नी अमृता देवी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया। एक्स-रे में पता चला कि गोली शरीर के अंदर फंसी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार गोली कमर के दाहिने हिस्से से प्रवेश कर बाईं ओर चली गई है, जिससे आंतरिक चोट की आशंका है। बेहतर इलाज और सर्जरी के लिए उन्हें धनबाद रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में टोटो चालक से मारपीट के आरोप में ASI निलंबित, वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई
परिजनों का दावा- किसी से नहीं था विवाद
पुलिस जांच में परिजनों ने बताया कि नंदकिशोर का किसी से कोई विवाद नहीं था। वे मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में दहशत और चिंता का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने पुष्टि की है कि गोलीबारी की घटना हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमलावर की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post